RAIGARH

गारंटी का ढोल कब बजेगा?संविदा की जंजीर कब टूटेगी?

**रायगढ़, छत्तीसगढ़, 12 सितंबर 2025**: छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज 26वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। अपनी जायज मांगों को लेकर गुस्साए कर्मचारियों ने जिला भाजपा अध्यक्ष के सामने सवालों की रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय कर्मचारी संघ के मजबूत समर्थन के साथ रायगढ़ जिले के लगभग 800 कर्मचारी हड़ताल में डटकर मुकाबला कर रहे हैं।

कर्मचारियों ने सरकार से कड़े सवाल किए: “02 बजट और 20 महीने बीत गए, अब नहीं तो कब?
मोदी की गारंटी और घोषणा पत्र के वादे हकीकत बनेंगे कब?
20 साल की संविदा गुलामी और शोषण से मुक्ति कब?
राष्ट्रीय शिक्षा मिशन का संविलियन हो गया, तो एनएचएम कर्मचारियों का कब?
अन्य राज्यों में जॉब सिक्योरिटी, ग्रेड पे और अनुकंपा नियुक्ति का लाभ मिल रहा है, छत्तीसगढ़ महतारी के बच्चों का हक मिलेगा कब ?”

घोषणा पत्र की टैगलाइन “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” पर तंज कसते हुए कर्मचारियों ने पूछा, “आपने बनाया है, तो संवारेंगे कब?” सरकार पर झूठे वादों के सहारे सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मांग की कि पांच स्वीकृत मांगों—ग्रेड पे, जॉब सिक्योरिटी, संविलियन, अनुकंपा नियुक्ति और संविदा मुक्ति—पर तुरंत लिखित आदेश जारी हों। कर्मचारियों का साफ कहना है: “आश्वासनों की घिसी-पिटी बाते बंद करो, अब ठोस आदेश चाहिए!”

प्रदर्शन के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष और कलेक्टर रायगढ़ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें छत्तीसगढ़ को एनएचएम संविदा मुक्त प्रदेश बनाने की मांग दोहराई गई। कर्मचारियों ने सरकार के तानाशाही रवैये और बर्खास्तगी की कार्यवाहियों का कड़ा विरोध किया।

हड़ताल को और तेज करने की चेतावनी देते हुए कर्मचारियों ने ऐलान किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन रुकने वाला नहीं। आज रायपुर में छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ की बैठक में आगामी रणनीति पर चर्चा हो रही है, जिसमें 33 जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हैं। कर्मचारी एकजुट होकर और बड़े स्तर पर उग्र प्रदर्शन की तैयारी में जुट गए हैं।

*

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking