RAIGARH

नशा परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक

प्रशासन द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कर मुख्यधारा में जोड़ने किया जा रहा पहल

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश

नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में सर्वे शुरू

रायगढ़, 19 मार्च 2026/ नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में नशामुक्ति को लेकर जन जागरूकता एवं सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 को चिन्हांकित कर नशा पीड़ित व्यक्तियों का सर्वे कार्य शुरू किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सर्वे के माध्यम से डेटा संकलन कर चिन्हांकित व्यक्तियों का समुचित उपचार एवं पुनर्वास सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा, जिससे प्रभावित व्यक्तियों को मुख्यधारा में लाया जा सके।
इसी क्रम में 18 मार्च को जोगीडीपा वार्ड 11 में नाटक एवं नुक्कड़ के माध्यम से जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे स्थानीय नागरिकों ने सराहा। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू एवं वार्ड पार्षद श्रीमती अनु सारथी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से लोगों में सकारात्मक बदलाव आएगा और समाज को नई दिशा मिलेगी। सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए हानिकारक है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर उन्हें नशे से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड पार्षद श्रीमती अनु सारथी ने कहा कि वार्ड स्तर पर इस तरह की पहल सराहनीय है। इससे प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके उपचार एवं पुनर्वास में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking