RAIGARH

भीषण गर्मी में राहगीरों के सूखते कंठ को मिली राहत जननायक चौक पर बहा ‘शरबत-ए-मोहब्बत’ का रस,

गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन की सराहनीय पहल, सामाजिक भाई-बंधुओं ने बढ़-चढ़कर की सेवा,

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में इन दिनों आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली चिलचिलाती धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जुड़ी गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन द्वारा एक बेहद संवेदनशील और सराहनीय पहल की गई है। संस्था द्वारा स्थानीय केबड़ाबाड़ी स्थित जननायक रामकुमार अग्रवाल चौक पर विशेष रूप से शरबत-ए-मोहब्बत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसने राहगीरों के सूखते और प्यासे कंठ को तरोताजा कर दिया।

गौरतलब है कि गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन द्वारा लगातार बढ़ती तपिश को देखते हुए जननायक चौक पर पहले से ही एक प्याऊ खोलकर रोजाना सैकड़ों राहगीरों को शुद्ध शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी सेवा भाव की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, प्रत्येक रविवार को संस्था ने राहगीरों को कुछ विशेष राहत देने का बीड़ा उठाया। सुबह से ही इसके लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।

इस पुनीत कार्य में फाउंडेशन के सेवादारों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक भाई-बंधु भी एकजुट हुए। सभी ने आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लिया। सुबह से लेकर देर शाम तक वहां से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े राहगीर, रिक्शा चालक, राह चलती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बड़े ही आदर और प्रेमपूर्वक ठंडा मीठा शरबत पिलाया गया।

लगातार बढ़ती और झुलसाने वाली गर्मी के बीच इस ठंडे-मीठे शरबत का स्वाद पाकर राहगीरों के चेहरे खिल उठे। शहर की आम जनता और राहगीरों ने गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन की इस नेक और संवेदनशील पहल की मुक्तकंठ से सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे समय में जब धूप में निकलना दूभर हो गया है, संस्था द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य वाकई मानवता की सच्ची सेवा है।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking