भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा का सियासी शक्ति प्रदर्शन फ्लॉप, राष्ट्रीय अध्यक्ष के नहीं पहुंचने पर कांग्रेस का तीखा हमला

नगेंद्र नेगी का आरोप– भाजपा ने जनजातीय गौरव दिवस को राजनीतिक इवेंट बनाया, धरती आबा के सम्मान से ज्यादा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत की थी चिंता; जनता के विरोध के कारण कार्यक्रम से दूर रहे नितिन नवीन
बसों का अधिग्रहण, पड़ोसी राज्यों से भीड़ जुटाने की कवायद और अखबारों में फुल पेज विज्ञापन… फिर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के दीदार को तरस गया धरमजयगढ़!
रायगढ़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित भाजपा के बहुप्रचारित कार्यक्रम को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। बसों के अधिग्रहण से लेकर आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से लोगों को जुटाने की कवायद, अखबारों में फुल पेज विज्ञापन और राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई थीं। लेकिन जिस राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में पूरा राजनीतिक तामझाम खड़ा किया गया था, उनके कार्यक्रम में नहीं पहुंचने से भाजपा के इस शक्ति प्रदर्शन की चमक फीकी पड़ गई। इस विषय पर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है। विज्ञप्ति में उन्होंने ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम पर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़ विधानसभा सहित पूरे रायगढ़ जिले में आदिवासी समाज, आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भाजपा की नीतियों को लेकर भारी आक्रोश और विरोध था। इसी जनविरोध के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यक्रम में शामिल होने का साहस नहीं जुटा सके। अब भाजपा अपनी राजनीतिक असहजता छिपाने के लिए मौसम और कोहरे का बहाना बना रही है।
नगेंद्र नेगी ने कहा कि भाजपा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय समाज के गौरव और अधिकारों के सवालों पर केंद्रित करने के बजाय इसे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और संगठन की ताकत दिखाने का राजनीतिक मंच बना दिया। सवाल यह है कि यदि उद्देश्य वास्तव में आदिवासी समाज का सम्मान होता, तो क्या किसी एक राजनीतिक नेता की उपस्थिति इस आयोजन की सफलता का पैमाना होती? धरती आबा का सम्मान किसी नेता के आने या नहीं आने का मोहताज नहीं है, लेकिन भाजपा ने जिस तरह पूरे आयोजन को एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द केंद्रित किया, उससे उसकी प्राथमिकताएं उजागर हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए आम जनता की आवाजाही प्रभावित करते हुए बसों का अधिग्रहण किया गया, पड़ोसी जिलों और राज्यों से भीड़ जुटाने की व्यवस्था की गई तथा अखबारों के पन्ने विज्ञापनों से भर दिए गए। करोड़ों रुपये के खर्च और भारी-भरकम तैयारियों के बावजूद भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को कार्यक्रम स्थल तक नहीं ला सकी। आखिर इतनी बड़ी सरकारी और संगठनात्मक तैयारी का उद्देश्य क्या था? क्या जनजातीय गौरव दिवस का मतलब केवल मंच सजाना, विज्ञापन छपवाना और भीड़ दिखाना रह गया है?
कोहरे का बहाना या जनआक्रोश का दबाव?
राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने को लेकर भाजपा की ओर से कम दृश्यता और घने कोहरे के कारण विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने की वजह बताई गई। बताया गया कि उनका विमान रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर उतरने वाला था, लेकिन मौसम की प्रतिकूलता के चलते विमान को वापस लौटना पड़ा। हालांकि कांग्रेस जिला अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने इस दलील पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हेलीकॉप्टर के जिंदल एयरपोर्ट पर उतरने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम क्यों रद्द हुआ? क्या केवल मौसम ही वजह था या इसके पीछे जनता के विरोध और राजनीतिक परिस्थितियों का भी दबाव था?
आदिवासियों के सम्मान की बात करने वाली भाजपा उद्योगपतियों के हितों पर क्यों मौन?
नगेंद्र नेगी ने भाजपा सरकार की जनजातीय नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर गौरव दिवस मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर रायगढ़ जैसे आदिवासी बहुल जिले में जल, जंगल और जमीन से जुड़े सवाल लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उद्योगों को लाभ पहुंचाने के लिए आदिवासी अंचलों के प्राकृतिक संसाधनों पर कॉरपोरेट घरानों की नजर है। अडानी सहित बड़े औद्योगिक समूहों को संसाधनों का लाभ पहुंचाने के आरोपों के बीच भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि आदिवासी समाज के अधिकारों, विस्थापन, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के लिए उसने जमीन पर क्या ठोस काम किया है?
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। उनके नाम पर आयोजन करने वाली भाजपा को पहले उनके विचारों और संघर्षों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करनी चाहिए। केवल जयंती मनाने, मंच से भाषण देने और विज्ञापन जारी करने से आदिवासी समाज का सम्मान नहीं होता।
भाजपा का मेगा शो, लेकिन मुख्य किरदार ही गायब
धरमजयगढ़ के कार्यक्रम में सुबह से ही हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग और भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नहीं पहुंचने से कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी गई। इसके बावजूद कार्यक्रम जारी रखा गया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संबोधित किया।नगेंद्र नेगी ने कहा कि भाजपा का यह आयोजन आदिवासी समाज के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करने का प्रयास था। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नहीं पहुंचने से भाजपा की पूरी रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा को यह समझना होगा कि जनता केवल विज्ञापनों और भीड़ के आंकड़ों से प्रभावित नहीं होती। जनता अपने अधिकार, सम्मान, रोजगार और संसाधनों की सुरक्षा चाहती है।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान भाषणों और दिखावटी आयोजनों से नहीं, बल्कि उनके विचारों को जमीन पर उतारने से होगा। भाजपा को जनजातीय गौरव दिवस मनाने से पहले आदिवासी समाज के सामने अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए। धरती आबा के नाम पर राजनीति करने से पहले उनके संघर्ष, स्वाभिमान और आदिवासी अधिकारों के प्रति ईमानदारी दिखानी होगी।
