ऋषि पंचमी नुआखाई तिहार पर रायगढ़ और सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में स्थानीय अवकाश घोषित करने पर कोलता समाज संभाग रायगढ़ ने ओ पी चौधरी के प्रति जताया आभार

संभागीय सभा की बैठक में पुसौर में संभाग स्तरीय नुआखाई भेंटघाट मनाने का लिया गया निर्णय
रायगढ़। कोलता समाज संभाग रायगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक गत दिवस कोलता समाज सामुदायिक भवन मरीन ड्राइव बेलादुला रायगढ़ में रखी गई थी जिसमे ओपी चौधरी विधायक एवं वित्त मंत्री के प्रति कोलता समाज ने आभार जताया है। नुआखाई कोलता समाज का खास तिहार है। समाज के अधिकांश खेती किसानी करते हैं। खेती किसानी का यह खास पर्व नुआखाई है। यह त्यौहार सामुदायिक रूप से मनाया जाने वाला तिहार है। रायगढ़ जिले सहित सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में कोलता समाज के साथ साथ ओड़िया संस्कृति के लोग निवास करते हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर, महासमुंद, अंबिकापुर, जशपुर सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में इस समाज के लोग रहते हैं जिनका मुख्य तिहार नुआखाई है। कोलता समाज ने पिछले कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी अवकाश घोषित करने की मांग की थी लेकिन उस सरकार इस ओर ध्यान ही नहीं दिया। विष्णु देव साय की सरकार ने इसे स्वीकार किया और ओड़िया संस्कृति बाहुल्य सभी जिलों में स्थानीय अवकाश घोषित किया है। रायगढ़ और सारंगढ़ जिले में भी वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। कोलता समाज के लोगों में अपार हर्ष व्याप्त है। कोलता समाज संभाग रायगढ़ के संभागीय अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता, महामंत्री टीकाराम प्रधान, शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक मुरलीधर प्रधान,राम चंडी सेवा समिति के अध्यक्ष रवि गुप्ता, संभाग के सभी आंचलिक अध्यक्षों ने ओपी चौधरी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। आगे सामाजिक बैठक में इस वर्ष संभाग स्तरीय नुआ खाई भेंट घाट पुसौर में मनाने के लिए 6 सितंबर दिन रविवार का दिन फाइनल किया गया है। उक्त बैठक में सभी आंचलिक सभाओं में युवा प्रकोष्ठ तथा कर्मचारी प्रकोष्ठ का गठन करने का निर्णय भी लिया गया।
