RAIGARH

व्यवधानों पर विजय पाएं, एड्स की प्रतिक्रिया में सकारात्मक बदलाव लाएं थीम पर मनाया गया विश्व एड्स दिवस

*जनजागरूकता का संदेश, रोकथाम और उपचार पर दिया गया जोर*

रायगढ़, 1 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिला स्वास्थ्य विभाग रायगढ़ द्वारा विश्व एड्स नियंत्रण दिवस मनाया गया। जिला अस्पताल परिसर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएमएचओ डॉ. जगत ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व एड्स दिवस की थीम व्यवधानों पर विजय पाएं, एड्स की प्रतिक्रिया में सकारात्मक बदलाव लाएं के अनुरूप स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में व्यापक जागरूकता और रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है। समुदाय आधारित सहभागिता, एचआईवी परीक्षण एवं निःशुल्क उपचार सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, परामर्श और नियमित उपचार से एचआईवी संक्रमण को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है और मरीज सामान्य जीवन जीते हैं। जिला अस्पताल व सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आईसीटीसी, 1097 कॉल सेंटर, वायरल लोड टेस्टिंग तथा काउंसलिंग सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार, जागरूकता और भेदभाव-रहित दृष्टिकोण को एड्स नियंत्रण की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
सीएमएचओ डॉ. जगत ने एचआईवी की रोकथाम हेतु सलाह देते हुए बताया कि असुरक्षित यौन संबंधों से बचें, एक ही सुरक्षित व निष्फलित सुई-सीरिंज का प्रयोग करें, रक्त चढ़ाने से पूर्व अनिवार्य जांच करवाएं। गर्भवती महिलाओं के लिए एचआईवी जांच आवश्यक है तथा किसी सवंमित व्यक्ति के साथ सामान्य संपर्क जैसे खाना-पीना, छूना, साथ बैठने से एचआईवी नहीं फैलता है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्षण या जोखिम की स्थिति में निकटतम से परामर्श लें तथा एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों के साथ संवेदनशील और भेदभाव रहित व्यवहार रखें। इस अवसर पर सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. दिनेश पटेल, जिला एड्स नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ. जयाकुमारी चौधरी, डॉ. केनन डेनियल, डीपीएम सुश्री रंजना पैकरा, डॉ. पी.के. गुप्ता, डॉ. राजकुमार गुप्ता अस्थि रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. मुस्तफा, डॉ. ज्योति एक्का, सोनाली मेश्राम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, नर्सिंग स्टाफ एवं जिला अस्पताल के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking