RAIGARH

कलेक्टर ने ग्राउंड स्तर पर पहुंचकर चावल उत्सव का जायजा लिया, पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश

राज्य शासन की मंशा अनुरूप हर माह उचित मूल्य दुकानों में होगा आयोजन

नोडल अधिकारी नियुक्त कर सख्त मॉनिटरिंग और भौतिक सत्यापन अनिवार्य

रायगढ़, 11 फरवरी 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत संचालित उचित मूल्य दुकानों में प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले ‘चावल उत्सव’ का कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले के खरसिया विकासखंड के ग्राम चपले स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के समक्ष आयोजित चावल उत्सव में पहुंचकर कलेक्टर ने लाभार्थियों से सीधे संवाद किया और वितरण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्सव में अधिक से अधिक हितग्राहियों सह ंलभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु रहे।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 664 शासकीय एवं समूह द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकानों में प्रतिमाह चावल उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति के सदस्यों तथा हितग्राहियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि राशन वितरण की प्रक्रिया सामाजिक निगरानी के दायरे में पारदर्शी रूप से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान खरसिया एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्तरंजन सिंह, जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
राज्य शासन द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुसार जिन ग्राम पंचायतों में साप्ताहिक हाट-बाजार लगते हैं, वहां प्रत्येक माह 6 तारीख के बाद लगने वाले प्रथम हाट-बाजार के दिन चावल उत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य सभी उचित मूल्य दुकानों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को उत्सव आयोजित होगा। कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देशित किया है कि उत्सव से पूर्व संबंधित दुकान में माह का संपूर्ण आबंटित राशन भंडारित होना सुनिश्चित किया जाए।
उत्सव के समुचित क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक दुकान के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो खाद्य, सहकारिता, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास अथवा अन्य शासकीय विभाग का कर्मचारी हो सकता है। नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि खाद्य विभाग द्वारा जारी आबंटन के अनुरूप चावल उत्सव के दिन पर्याप्त राशन सामग्री उपलब्ध रहे। साथ ही उत्सव प्रारंभ होने से पूर्व एवं समाप्ति के पश्चात दुकान का निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
चावल उत्सव के दिन निगरानी समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, कलेक्टर द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी, अन्य विभागों के संबंधित कर्मचारी, क्षेत्र की मितानिन एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। निगरानी समिति के सदस्यों को पूर्व सूचना देकर उनके समक्ष हितग्राहियों को राशन वितरण कराया जाएगा। उचित मूल्य दुकान उस दिन पूर्ण समय खुली रहेगी तथा उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तर पर चावल उत्सव की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। निर्धारित तिथि पर आयोजन हुआ या नहीं, नोडल अधिकारी एवं निगरानी समिति की उपस्थिति, कुल राशनकार्डधारियों में से कितने हितग्राही पहुंचे, कुल आबंटन में से कितनी सामग्री का वितरण हुआ तथा निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई या नहीं, इन सभी बिंदुओं की प्रतिमाह समीक्षा की जाएगी।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking