RAIGARH

‘चावल उत्सव’ के माध्यम से पारदर्शिता और जनभागदारी से घर-घर पहुंच रहा राशन

‘हर घर अन्न, हर चेहरे पर मुस्कान’ के संकल्प को साकार करने आयोजित हो रहा चावल उत्सव

कलेक्टर ने जिले के सुदूर वनांचल धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम छाल में शासकीय उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण

हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण की ली जानकारी, समस्याओं के तत्काल समाधान के दिए निर्देश

रायगढ़, 20 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के ‘हर घर अन्न, हर चेहरे पर मुस्कान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में ‘चावल उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, वितरण व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना तथा हितग्राहियों के बीच शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।
इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने धरमजयगढ़ विकासखंड के छाल स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर पात्रतानुसार राशन मिलने की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया और उनके परेशानियों से रूबरू भी हुए। कलेक्टर ने संबंधित खाद्य निरीक्षक को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकान का संचालन कर रही गायत्री स्व-सहायता समूह से हितग्राहियों की संख्या, राशन भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। समूह ने बताया कि छाल में 147 अंत्योदय, 607 प्राथमिकता तथा 03 निराश्रित राशन कार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं।

मार्च से हर माह की 7 तारीख को होगा आयोजन

कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राशन सामग्री का वितरण गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा निगरानी में आम नागरिकों की सहभागिता भी रहे। इससे खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो और प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर उसका अधिकार मिल सके। बता दे कि शासन के निर्देशानुसार मार्च माह से प्रत्येक माह की 7 तारीख को जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में ‘चावल उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इससे वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी, दुकानों पर भीड़-भाड़ कम होगी तथा हितग्राहियों को सम्मानजनक वातावरण में खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

10 लाख से अधिक सदस्यों को मिल रहा खाद्य सुरक्षा का लाभ

खाद्य विभाग द्वारा जिले में कुल 3,37,740 राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 10,61,177 सदस्यों को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। अंत्योदय अन्न योजना, प्राथमिकता श्रेणी, एपीएल, निराश्रित एवं निशक्तजन कार्डधारकों को नियमानुसार राशन वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिलेभर में ‘चावल उत्सव’ उत्साहपूर्वक प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में जिले विभिन्न उचित मूल्य की दुकानों के साथ रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के बोईरदादर वार्ड क्रमांक 48 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking