RAIGARH

10वीं-12वीं बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की शुरुआत

पारदर्शिता और निष्पक्षता पर विशेष जोर, सख्त निर्देश जारी

रायगढ़, 17 मार्च 2026/ जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की से विधिवत शुरुआत हो गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.के.वी.राव के मार्गदर्शन में यह कार्य सुव्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया गया। इस वर्ष मूल्यांकन के लिए जिले में दो प्रमुख केंद्र निर्धारित किए गए हैं-पीएम श्री नटवर अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रायगढ़ एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़, इन दोनों केंद्रों में माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा नियुक्त व्याख्याता बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूरी गंभीरता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य में जुट गए हैं।
बोर्ड परीक्षा के नोडल अधिकारी भुवनेश्वर पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में जूटमिल स्कूल को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाता था, लेकिन इस वर्ष उसकी जगह पीएम श्री नटवर स्कूल को नया केंद्र बनाया गया है। इससे व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार हुआ है तथा मूल्यांकन कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि दोनों केंद्रों पर आज से ही उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मूल्यांकन कार्य की शुरुआत से पहले जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. वी. राव द्वारा एक विस्तृत ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सभी हेड वैल्यूअर, डिप्टी हेड वैल्यूअर एवं वैल्यूअर को माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा निर्धारित नियमों एवं मापदंडों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के परिश्रम का सही मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मूल्यांकन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। मूल्यांकन केंद्र पीएम श्री नटवर स्कूल के केंद्र अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के केंद्राध्यक्ष विजय तिर्की तथा प्रभारी रवि तिवारी ने भी मूल्यांकनकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है और इसमें अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है।
मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। सभी शिक्षकों को अपने मोबाइल फोन एवं बैग निर्धारित काउंटर में जमा करने के बाद ही मूल्यांकन केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके साथ ही सभी को बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। मूल्यांकन कार्य के सुचारू संचालन एवं समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ में प्राचार्य नरेंद्र चौधरी को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, वहीं पीएम श्री नटवर स्कूल, रायगढ़ के लिए भुवनेश्वर पटेल को ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी मूल्यांकनकर्ता ईमानदारी, पारदर्शिता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे, ताकि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम निष्पक्ष, विश्वसनीय और न्यायसंगत सुनिश्चित किया जा सके।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking