RAIGARH

प्रशासन-पुलिस और जन प्रतिनिधियों के बीच घरघोड़ा में त्रिपक्षीय बैठक के बाद बनी सहमति

घरघोड़ा, (रायगढ़) 7 अप्रैल। तमनार क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कल होने वाले प्रस्तावित आंदोलन से पहले आज घरघोड़ा में प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों के बीच त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सकारात्मक चर्चा के बाद कई मुद्दों पर सहमति बन गई। उस्मान बेग एवं जिला आरिफ हुसैन के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हाल ही में कलेक्ट्रेट रायगढ़ में रोजगार, श्रमिक हित, प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सीएसआर कार्य एवं अन्य जनसुविधाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था जिसके बाद संगठन द्वारा प्लांट घेराव सहित उग्र आंदोलन की जानकारी मिली थी। इसी परिप्रेक्ष्य में प्रशासन द्वारा पहल करते हुए श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, एसडीएम घरघोड़ा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएसपी सुशांतो बनर्जी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों, संगठन प्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक में युवाओं की ओर से स्थानीय रोजगार को लेकर प्रमुख मांग रखी गई, जिसमें कॉलेज, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में नियमित प्लेसमेंट कैंप आयोजित कराने, प्रभावित ग्रामों के युवाओं के लिए विशेष भर्ती शिविर लगाने और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई। प्रशासन ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार करने का आश्वासन दिया। सड़क सुरक्षा और जनसुविधा के मुद्दे पर घरघोड़ा से रायगढ़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पूंजीपथरा तिराहा में हाईमास्ट लाइट स्थापित करने, बंजारी मंदिर से प्लांट तक सड़क पर स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण, मरम्मत, सफाई और पानी छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। साथ ही भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने, वैकल्पिक पार्किंग स्थल विकसित करने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया, जिससे मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। इसके अलावा रायगढ़–घरघोड़ा एवं घरघोड़ा–धरमजयगढ़ फोरलेन सड़क निर्माण की मांग को भी दोहराया गया, जिस पर प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर शासन स्तर पर भेजने की बात कही। बैठक में प्रदूषण, फ्लाई ऐश, औद्योगिक अपशिष्ट, श्रमिक हितों एवं सीएसआर कार्यों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई, जिस पर प्रशासन ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश देने और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का भरोसा दिलाया। बैठक के बाद उस्मान बेग ने प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल और आश्वासन को देखते हुए प्रस्तावित आंदोलन को अस्थायी रूप से स्थगित करने की घोषणा की है ।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking