RAIGARH

“ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों पर रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी

🚨 कोतवाली, साइबर-जूटमिल, खरसिया एवं पूंजीपथरा पुलिस की चार बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

🚨 115 लीटर महुआ शराब, 92 पौवा देशी/अंग्रेजी शराब एवं बिक्री रकम जब्त

🚨 अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर *4 जून, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। पिछले 48 घंटों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चार अलग-अलग कार्रवाई में 6 आरोपियों से बड़ी मात्रा में अवैध 115 लीटर महुआ शराब और 92 पौवा देश और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है, आरोपियों से शराब बिक्री रकम और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

🚨 ग्राम लाखा में 65 लीटर महुआ शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार पहली कार्रवाई दिनांक 02 जून 2026 को थाना कोतवाली पुलिस द्वारा ग्राम लाखा स्थित न्यू गार्डन ढाबा के सामने मेन रोड किनारे की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि विवेक दास महंत अपने साथियों संजय दास महंत एवं आकाश यादव के साथ नदी के टापू में तैयार की गई महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां तीनों आरोपी अवैध शराब के साथ पाए गए। पूछताछ के दौरान वे शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज अथवा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी में आरोपी विवेक दास महंत के कब्जे से 65 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये है, बरामद की गई। साथ ही संजय दास महंत एवं आकाश यादव के कब्जे से ट्रक के रबर ट्यूब भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग शराब के परिवहन में किया जाना था। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। थाना प्रभारी कोतवाली सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई में एएसआई विल्फ्रेड मसीह, आरक्षक गणेश पैकरा, हरेन्द्र पाल जगत एवं महिला आरक्षक परसीना टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🚨 साइबर-जूटमिल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 92 पौवा शराब और बिक्री रकम जब्त दूसरी कार्रवाई दिनांक 03 जून 2026 को साइबर थाना एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संतोष टी स्टॉल के पीछे संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक मनीष महिलाने को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में वह गुमराह करने का प्रयास करता रहा, किंतु सघन पूछताछ में उसने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के निशानदेही पर पेड़ के पीछे छिपाकर रखी गई तीन सफेद प्लास्टिक बोरियों से 28 नग जम्मू स्पेशल व्हिस्की, 38 नग सीजी स्पेशल व्हिस्की एवं 26 नग देशी प्लेन शराब कुल 92 पौवा शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 9,620 रुपये है। इसके अतिरिक्त बिक्री से प्राप्त 8,520 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध थाना जूटमिल में धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रूपराम पटेल, आरक्षक जगमोहन ओगरे, धमेन्द्र सिंह, महेश पंडा, मनोज पटनायक, परमानंद पटेल एवं नरेश रजक शामिल रहे।

🚨 पूंजीपथरा पुलिस ने मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते युवक को दबोचा तीसरी कार्रवाई थाना पूंजीपथरा पुलिस द्वारा ग्राम सामारूमा तालाब के पास की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब परिवहन कर रहा है। सूचना पर घेराबंदी कर बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AS 2862 को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम करन साहू पिता केशरी प्रसाद साहू उम्र 19 वर्ष निवासी नावापारा थाना घरघोड़ा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 4,000 रुपये है, बरामद हुई। आरोपी द्वारा शराब को अवैध बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना पाए जाने पर शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

🚨 खरसिया पुलिस ने नाकाबंदी कर 10 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी को पकड़ा इसी कड़ी में चौथी कार्रवाई थाना खरसिया पुलिस द्वारा ग्राम सराईपाली क्षेत्र में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि दीपक कुमार वारेन नामक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब बोरे में भरकर अपने घर ले जा रहा है। सूचना पर स्कूल चौक के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक सफेद प्लास्टिक बोरा लेकर आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम दीपक कुमार वारेन निवासी सराईपाली, कुनकुनी बताया तथा बोरे में शराब रखना स्वीकार किया। तलाशी में उसके कब्जे से दो प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,000 रुपये है, बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा जिलेभर में यह अभियान आगे भी इसी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का का सख्त संदेश

“ रायगढ़ पुलिस ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।”

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking