RAIGARH

अदाणी फाउंडेशन की विजन केयर पहल से 41 गांवों के 4 हजार ग्रामीण लाभान्वित

1,795 महिलाओं समेत चार हजार ग्रामीणों की निःशुल्क नेत्र जांच, 1,939 लोगों को मिला चश्मा

रायगढ़, 03 सितम्बर 2026। अदाणी पावर लिमिटेड, छोटे भंडार की सामाजिक विकास इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित विज़न केयर कार्यक्रम के तहत प्लांट के परिधीय क्षेत्रों एवं रेलवे कॉरिडोर से जुड़े 41 गांवों में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। “स्पष्ट दृष्टि, बेहतर भविष्य” विषय पर आयोजित इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और विशेष रूप से महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को समय पर जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम का संचालन 15 जुलाई से 27 अगस्त 2026 तक विज़न केयर संस्था के माध्यम से किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ से पूर्व अनुमति प्राप्त कर आयोजित इस अभियान की शुरुआत ग्राम बरपाली से हुई, जिसके बाद बड़े भंडार, छोटे भंडार, सरवानी, बुनगा, टपरदा, सूपा, कोटमरा, जतरी, काशीचुवा, कलमा, चंदली, रैबार, चिखली, उच्चभित्ति, उसरौत, गोर्रा सहित 41 गांवों में चरणबद्ध रूप से नेत्र जांच शिविर लगाए गए।

इस दौरान चार हजार ग्रामीणों की नेत्र जांच की गई, जिनमें 2,205 पुरुष और 1,795 महिलाएं शामिल हैं। सभी लाभार्थी वयस्क एवं वरिष्ठ नागरिक वर्ग से थे। जांच के बाद 1,939 लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। जुलाई और अगस्त 2026 के दौरान 695 चश्मों की बुकिंग की गई थी, जिनमें से 500 चश्मों का वितरण किया जा चुका है, जबकि शेष 195 चश्मों का वितरण इस माह के अंत तक पूरा किया जाएगा।

जांच के दौरान 985 लोगों में मोतियाबिंद, रिफ्रैक्टिव एरर तथा अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान की गई, जिन्हें विस्तृत जांच एवं उपचार के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ अथवा मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया है।

यह पहल अदाणी फाउंडेशन के वार्षिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों का हिस्सा है और इसका यह दूसरा वर्ष था। पिछले वर्ष इस कार्यक्रम से 2,000 ग्रामीणों तथा 2,000 स्कूली छात्रों को लाभ मिला था, जबकि इस वर्ष केवल ग्रामीण समुदाय पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए 4,000 लोगों तक पहुंच बनाई गई। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के नेत्र स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम का संचालन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। ग्राम बरपाली के सरपंच श्री संजय मैत्री, बड़े भंडार के सरपंच श्री ओम प्रकाश गुप्ता, बुनगा के सरपंच श्री वेद प्रकाश साहू सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, उपसरपंच एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिविरों में उपस्थित रहे और ग्रामीणों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

ग्राम बरपाली के 76 वर्षीय किसान श्री हरिराम भारती ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “पिछले कुछ वर्षों से मेरी आंखों की रोशनी कमजोर होती जा रही थी, जिससे खेती और दैनिक कार्यों में परेशानी होती थी। अदाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में मेरी समस्या की पहचान हुई और मुझे आवश्यक परामर्श मिला। अब मुझे विश्वास है कि मेरी दृष्टि में सुधार संभव है। यह शिविर मेरे लिए केवल स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि नई उम्मीद लेकर आया है।”

अदाणी फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण समुदायों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। विज़न केयर कार्यक्रम इसी प्रयास का हिस्सा है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को समय पर नेत्र जांच, परामर्श, चश्मा एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराते हुए बेहतर स्वास्थ्य और जीवन गुणवत्ता की दिशा में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking