RAIGARH
शिव शक्ति प्लांट पर नदी प्रदूषण का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

रायगढ़। शिव शक्ति प्लांट द्वारा कथित रूप से केमिकल युक्त दूषित जल एवं फ्लाई ऐश नदी में छोड़े जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्लांट से निकलने वाला प्रदूषित पानी सीधे नदी में मिल रहा है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ रहा है और आसपास के गांवों के लोगों व पशुओं के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी का पानी काला और मटमैला हो गया है तथा किनारों पर फ्लाई ऐश की परत जमा हो रही है। इससे जलजीवों के साथ-साथ खेती और पेयजल स्रोत भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण मंडल को ज्ञापन सौंप कर मामले की तत्काल जांच कर शिव शक्ति प्लांट के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जन आंदोलन करने को बाध्य होगें।
