RAIGARH

शादी की झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार-तमनार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

🚨 पीड़िता की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज, 48 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

🚨 शादी का प्रलोभन देकर डेढ़ वर्ष तक शारीरिक शोषण करने का आरोप

🚨 महिला संबंधी अपराधों पर तमनार पुलिस की संवेदनशील और सख्त कार्रवाई

🚨 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश : “महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जावेगी”

25 अप्रैल, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए तमनार पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला संबंधी अपराध में तमनार पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए प्रकरण में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की। जानकारी के अनुसार थाना तमनार में स्थानीय 26 वर्षीय युवती ने 22 अप्रैल 2026 को ग्राम सराईडीपा निवासी पृथ्वीराज चौहान (22 वर्ष) के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी से उसका लगभग डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था और इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर गांव में पहली बार शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर लगातार डेढ़ वर्ष तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने विवाह और गर्भवती होने की जानकारी आरोपी को दी तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता द्वारा बार-बार विवाह के लिए कहने के बावजूद आरोपी मुकरता रहा, जिसके बाद उसे अपने साथ छल और शोषण का अहसास हुआ तथा परिजनों से सलाह लेकर उसने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए महिला विवेचक सुधो भगत से पीड़िता की एफआईआर एवं कथन दर्ज कराकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण की गई तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल दबिश दी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पृथ्वीराज चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में विधिसम्मत विवेचना जारी है। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित, सख्त एवं संवेदनशील कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश : *“महिला संबंधी अपराध अत्यंत गंभीर हैं। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, हर शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”*

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking