वार्ड क्रमांक 19 संजय कॉम्प्लेक्स का महापौर ने किया औचक निरीक्षण

साइकिल से वार्डों तक पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रहे महापौर जीवर्धन चौहान
रायगढ़। शहर में आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जानने की अपनी पहल के तहत महापौर जीवर्धन चौहान ने मंगलवार सुबह वार्ड क्रमांक 19 स्थित संजय कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया। महापौर ने सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्यों, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ क्षेत्र का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, नाली-नाला सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ ही क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने निर्माणाधीन शौचालय, नालियों एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।महापौर ने जहां साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता देखी, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के नाते शहर की जनता के बीच पहुंचना, उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना मेरी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से लगातार अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी न हो।उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई, नाली-नाला, पानी, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर रहें। इसके साथ ही निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।महापौर के इस तरह साइकिल से वार्डों में पहुंचकर सीधे जनता के बीच बैठकर समस्याएं सुनने और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देने के तरीके की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण से जमीनी समस्याएं सामने आती हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया भी तेज होती है।इस दौरान एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पंकज कंकड़वाल, पार्षद आशीष ताम्रकार, कारमोरे जी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
