नया बस्ती की मूलभूत सुविधाओं के लिए 171 परिवारों ने कलेक्टर के नाम दिए आवेदन

रायगढ़ /घरघोड़ा – ग्राम बरौद के नया बस्ती में रहने वाले 171 परिवारों ने बिजली, पानी, सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्टर रायगढ़ के नाम व्यक्तिगत आवेदन किया हैं। परिवारों का कहना है कि वे एसईसीएल बरौद विस्तार परियोजना से प्रभावित हैं और वैकल्पिक पुनर्वास एवं बसाहट की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पिछले लगभग 5 से 6 वर्षों से ग्राम बरौद के खसरा क्रमांक 11/1 एवं प्रोजेक्ट फॉरेस्ट कक्ष क्रमांक 1286 क्षेत्र में नया बस्ती बनाकर निवास कर रहे हैं। वर्तमान में नया बस्ती में लगभग 175 से अधिक परिवारों की करीब 700 की आबादी निवासरत है। बस्ती अब घनी आबादी वाले क्षेत्र के रूप में विकसित हो चुकी है, लेकिन आज भी यहां बिजली, शुद्ध पेयजल, पक्की सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधा, नाली सहित कई जरूरी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। नया बस्ती के 171 परिवारों ने व्यक्तिगत आवेदन देकर जिला प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान आबादी और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं। मामले को राजनीतिक स्तर पर भी समर्थन मिल रहा है। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया ने एवं क्षेत्रीय विधायक लालजीत सिंह राठिया का भी नया बस्ती बरौद में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र-व्यवहार किया है। ऐसे में अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। अब देखना यह होगा कि 171 परिवारों की सामूहिक मांग और सांसद के पत्र-व्यवहार के बाद प्रशासन नया बस्ती की बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं के समाधान के लिए कितनी जल्दी ठोस कदम उठाता है।
