एनटीपीसी ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया

स्टैंडअलोन PAT में 18% और ग्रुप PAT में 15% की वृद्धि
नई दिल्ली, 23 मई 2026: NTPC Limited, भारत की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत कंपनी, ने 31 मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही एवं वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपने ऑडिटेड वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी ने परिचालन दक्षता और रणनीतिक विकास के बल पर शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है।
स्टैंडअलोन आधार पर, NTPC ने Q4 FY26 में ₹44,030 करोड़ की कुल आय दर्ज की, जो Q3 FY26 की तुलना में 6% अधिक है। Q4 FY26 में कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT) बढ़कर ₹8,747 करोड़ हो गया, जबकि Q3 FY26 में यह ₹4,987 करोड़ था।
पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का PAT 18% बढ़कर ₹23,162 करोड़ हो गया, जो FY25 में ₹19,649 करोड़ था। इस वृद्धि का प्रमुख कारण नई क्षमता वृद्धि, परिचालन दक्षता में सुधार, वित्तीय लागत में कमी तथा Deferred Tax एवं Regulatory Deferred Account Balance में संशोधन रहा।
समेकित (Consolidated) आधार पर, NTPC समूह का PAT FY26 में 15% बढ़कर ₹27,546 करोड़ हो गया, जबकि FY25 में यह ₹23,953 करोड़ था। इस मजबूत प्रदर्शन में संयुक्त उपक्रमों (Joint Ventures) के लाभांश में 29% की वृद्धि का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो बढ़कर ₹2,864 करोड़ हो गया। वहीं, सहायक कंपनियों (Subsidiaries) ने FY26 में ₹3,312 करोड़ का लाभ अर्जित किया।
Q4 FY26 में समूह का PAT बढ़कर ₹10,615 करोड़ हो गया, जबकि Q3 FY26 में यह ₹5,597 करोड़ था।
NTPC के कोयला आधारित विद्युत संयंत्र लगातार परिचालन दक्षता के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। FY26 के दौरान NTPC के कोयला संयंत्रों ने 72.04% का प्लांट लोड फैक्टर (PLF) हासिल किया, जो देश के अन्य कोयला आधारित संयंत्रों के औसत 63.20% PLF से काफी अधिक है।
ये परिणाम भारत के ऊर्जा क्षेत्र में NTPC की अग्रणी स्थिति को और मजबूत करते हैं, जो सतत परिचालन उत्कृष्टता एवं विविधीकृत विकास रणनीति पर आधारित है।
