RAIGARH

105 देसी धान किस्मों को सहेजने वाले रायगढ़ के किसान का इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में हुआ सम्मान

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया सम्मानित, जैविक खेती के साथ सात एकड़ में उगा रहे सुगंधित जवाफूल धान

रायगढ़, 25 अक्टूबर 2026/ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैरबहर निवासी प्रगतिशील किसान श्री भवानी शंकर पंडा को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित ‘चौधरी मित्रसेन समिति कृषक सम्मान’ कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। 24 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त, संचालक कृषि सहित कृषि विभाग के अधिकारी और प्रदेशभर के किसान उपस्थित रहे।

105 किस्मों के देशी धान का कर रहे संरक्षण

किसान भवानी शंकर पंडा जैविक खेती के साथ देशी धान की 105 किस्मों को संरक्षित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इन पारंपरिक किस्मों को सहेजने के लिए धान संग्रहालय बनाया है। यहां विभिन्न किस्मों के बीजों को सुरक्षित रखने के साथ छोटे-छोटे भूखंडों में उनकी खेती कर बीजों का संवर्धन भी किया जा रहा है।

फसल विविधीकरण को भी दिया बढ़ावा

श्री पंडा ने खेती में नवाचार करते हुए धान के स्थान पर तिल की खेती भी की है। वहीं, इस वर्ष सात एकड़ में सुगंधित जवाफूल धान की खेती कर रहे हैं। देशी बीजों का संरक्षण, जैविक खेती और फसल विविधीकरण के प्रति उनके प्रयास पारंपरिक कृषि ज्ञान को सहेजने के साथ खेती के नए तरीकों को बढ़ावा दे रहे हैं।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking