RAIGARH

“सही दवा, शुद्ध आहार”अभियान तेज: दूसरे दिन 25 प्रतिष्ठानों की सघन जाँच, अनियमितताओं पर कार्रवाई

खाद्य व औषधि टीम की कार्रवाई, दूसरे दिन भी जिलेभर में जांच, कई अनियमितताएं उजागर

रायगढ़, 28 अप्रैल 2026/ जिले में “सही दवा, शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर संचालित 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान के दूसरे दिन खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण कर अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत गठित खाद्य प्रकोष्ठ द्वारा दूसरे दिन 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि दो दिनों में कुल 37 प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है। निरीक्षण के दौरान 11 प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए। इसके अलावा कई स्थानों पर साफ-सफाई की कमी भी सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
वहीं औषधि प्रकोष्ठ की टीम ने 5 मेडिकल दुकानों एवं संबंधित परिसरों की जांच की। इस दौरान 2 संदिग्ध दवाओं के नमूने लेकर परीक्षण हेतु भेजे गए तथा वैक्सीन भंडारण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान लैलूंगा एवं मुकडेगा क्षेत्र में एक्सपायरी हो चुके पेय पदार्थ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। खरसिया क्षेत्र में ठेला होटल एवं चाट दुकानों में गंदगी एवं खुले खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। पुसौर, घरघोड़ा एवं तमनार क्षेत्रों में भी निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही व्यापारियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य पदार्थों के उपयोग एवं सही दवा सेवन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह विशेष जांच अभियान 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले भर में खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों की निरंतर जांच की जा रही है।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking