RAIGARH

ग्राम सरवानी में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर, 20 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीण

750 से अधिक आवेदन प्राप्त, 123 आवेदनों का मौके पर निराकरण

आवेदन जमा करने हेतु सर्वसुविधायुक्त व्यवस्था, पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था

पीएम आवास, आयुष्मान, श्रम कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से हितग्राही लाभान्वित

महिला स्व-सहायता समूहों को मिला प्रोत्साहन, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई

विभागीय स्टॉलों में योजनाओं की जानकारी, पेयजल एवं छाया की विशेष व्यवस्था

कलेक्टर ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

रायगढ़, 8 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में आयोजित सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में खरसिया विकासखंड के ग्राम सरवानी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां 20 ग्राम पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में लोगों का उत्साह देखते ही बना और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
सरवानी शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 750 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 123 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत पहुंचाई गई। शेष आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर शासन एवं प्रशासन स्तर पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा सके। शिविर में सबसे अधिक आवेदन पंचायत एवं राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को सिकल सेल प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। जनपद पंचायत के माध्यम से पांच हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। लाभ मिलने पर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्हें प्रतीकात्मक रूप से चाबी एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कर उन्हें पोषण सामग्री प्रदान की गई। बिहान योजना अंतर्गत आरती स्व-सहायता समूह को 3.50 लाख रुपए का चेक वितरित किया गया। इसके साथ ही 6 स्व-सहायता समूहों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र प्रदान कर महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित किया गया। श्रम विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए, वहीं पीएचई विभाग द्वारा पांच ग्राम पंचायतों को एफटीके किट प्रदान की गई। उद्यान विभाग द्वारा हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य सुविधा, आवेदन जमा करने हेतु सर्वसुविधायुक्त व्यवस्था, पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। गर्मी को देखते हुए लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को आमजन के और करीब लाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है।
सुशासन तिहार अंतर्गत 11 मई 2026 सोमवार को घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत घरघोड़ी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र की 21 ग्राम पंचायतों के आम नागरिकों की समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के माध्यम से जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना एवं लाभान्वित हितग्राहियों से फीडबैक प्राप्त करना है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष खरसिया श्री कमल गर्ग, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी राठिया, उपाध्यक्ष डॉ. हितेश गवेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री रविन्द्र गबेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी एवं विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking