RAIGARH

प्रधानमंत्री की अपील ने जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया-कांग्रेस


रायगढ़ कांग्रेस भवन में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने किया प्रेस वार्ता को सम्बोधित


रायगढ़। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद संकट से परेशान आम जनता को राहत देने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी ने रायगढ़ कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री की बातें आम नागरिकों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी हैं।
प्रेस वार्ता को कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव नए संबोधित किया। प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शाखा यादव पूर्व शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक पांडेय, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया,प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल, विकास ठेठवार, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष चौबे,संदीप अग्रवाल कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश की जनता डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से त्रस्त है। हर घर का बजट बिगड़ चुका है। गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और छोटे व्यापारी सभी महंगाई की मार झेल रहे हैं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री की अपील से यह संदेश जा रहा है कि जनता अब और अधिक बोझ उठाने के लिए तैयार रहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के नागरिकों को राहत देने के बजाय “कम खर्च करो, कम उपयोग करो और कम काम करो” जैसी मानसिकता थोपने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि सरकार की जिम्मेदारी जनता को रोजगार, राहत और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रेस वार्ता में किसानों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में किसानों को समय पर उर्वरक नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण खेती प्रभावित हो रही है और उत्पादन लगातार घट रहा है। किसान महंगे बीज, खाद और डीजल के कारण आर्थिक संकट में फंस चुका है, लेकिन केंद्र सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं से पूरी तरह बेखबर दिखाई दे रही है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2013 की तुलना में मोदी राज में सोने की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। रोजमर्रा की हर वस्तु महंगी हो चुकी है। खाद्य सामग्री से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन तक सब कुछ आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि एक ओर देश की जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरों और प्रचार-प्रसार में करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं। जनता के टैक्स के पैसे से हो रहे इन खर्चों पर जवाब देने के बजाय सरकार लोगों को त्याग और बचत का उपदेश दे रही है।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, उद्योग-धंधे प्रभावित हैं और आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking