“जब मुकाबला नहीं कर पाए तो चरित्र हनन पर उतर आए” भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री जितेंद्र निषाद का कांग्रेस पर तीखा हमला

रायगढ़। रायगढ़ की राजनीति में इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री जितेन्द्र निषाद ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जब किसी का मुकाबला नहीं कर सको, तो उसका चरित्र हनन करना ही विपक्ष का आखिरी हथियार बन जाता है।” उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी लगातार विकास की राजनीति को नई दिशा और गति दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं को यह रास नहीं आ रहा। यही कारण है कि मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय उनका नाम बेवजह विवादों और सट्टे जैसे मामलों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। जितेन्द्र निषाद ने कहा कि “ओपी चौधरी जी रायगढ़ के गांव-गांव और शहर के कोने-कोने में विकास की गंगा बहा रहे हैं। जनता सब देख रही है और समझ भी रही है कि कौन काम कर रहा है और कौन सिर्फ बयानबाजी।” उन्होंने बताया कि रायगढ़ में नालंदा परिसर लगभग तैयार हो चुका है तथा जिले में चार नए नालंदा परिसरों की स्वीकृति भी मिल चुकी है। मेडिकल कॉलेज में आम जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शहर के चारों ओर ऑक्सीजोन पार्क विकसित किए जा रहे हैं और पुराने तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए ग्राम लिंझिर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। वहीं रायगढ़ जिले की बहुप्रतीक्षित रिंग रोड परियोजना और एयरपोर्ट निर्माण कार्य को भी गति मिली है। भूमि अधिग्रहण से लेकर बजट तक की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। नया आरटीओ भवन भी बनकर तैयार हो चुका है। अंत में भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा,
“जिनके पास बताने के लिए काम नहीं है, वे अब नाम जोड़ने और बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं। लेकिन रायगढ़ की जनता अब ‘काम बनाम बदनाम’ की राजनीति का फर्क अच्छी तरह समझ चुकी है।”
