RAIGARH

पर्यावरण दिवस पर कांग्रेस ने मनाया “प्रदूषण दिवस,” पर्यावरण विभाग का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

रायगढ़, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में लगातार बढ़ते प्रदूषण, पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी तथा आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों व आम नागरिकों ने पर्यावरण विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सुबह 11 बजे सभी कांग्रेसी व आम नागरिक अंबेडकर चौक प्रतिमा स्थल पहुंचकर एकत्रित होकर पर्यावरण विभाग की ओर रैली निकाल कर रवाना हुए और सभी ने पर्यावरण दिवस को प्रतीकात्मक रूप से “प्रदूषण दिवस” के रूप में मनाते हुए मास्क पहनकर पर्यावरण दिवस का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया तथा पर्यावरण विभाग कार्यालय के नाम पटल पर प्रदूषण विभाग कार्यालय लिखा हुआ पोस्टर चस्पा कर सरकार और प्रशासन का ध्यान जिले की गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं की ओर आकर्षित किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने आरोप लगाया कि जिले में उद्योगों, खदानों एवं अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों के कारण वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग प्रदूषण नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। जिले के अनेकों क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच चुका है,ऐसे ही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में देश के सबसे अधिक प्रदूषण वाले शहरों में रायगढ़ का नाम प्रथम स्थान पर रहेगा। बढ़ते प्रदूषण से आम नागरिकों, बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है आम जनमानस में त्वचारोग,फेफड़ा संबंधित रोग और कैंसर जैसी घातक जानलेवा बीमारी व्यापक रूप से बढ़ रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर जहां पर्यावरण संरक्षण की बात की जाती है , वहीं रायगढ़ जैसे औद्योगिक जिले में लोगों को उद्योगों के प्रदूषण, धूल,धुंआ, दूषित जल और प्रदूषण जनित अनेकों बीमारियों से जूझना पड़ रहा है,मकानों के छत पर काली परतें जम रही हैं,जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित पर्यावरण विभाग केवल मामूली जुर्माना वसूली कर खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस ने पर्यावरण विभाग कार्यालय का घेराव कर पर्यावरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, प्रदूषण स्तर की नियमित निगरानी,और उल्लंघन करने वाले उद्योग के विरुद्ध सीलिंग कार्रवाई, वायु एवं जल गुणवत्ता की नियमित जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने,उद्योगों व अन्य संस्थानों से प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी दल गठित करने व प्रदूषण मानक स्तर की प्रतिदिन की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, जिले में उद्योग व अन्य संस्थानों के लिए हो रही जंगलों की कटाई पर रोक लगाने,खुले में कचरा व प्लास्टिक जलाने पर रोक लगाने , प्रभावित क्षेत्रों में दूषित जल स्रोतों की जांच तथा पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने सहित पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की दिशा में ठोस प्रभावी कार्रवाई करने की सूचीबद्ध मांग की गई है।

जिला कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन व पर्यावरण विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जिले में बढ़ते प्रदूषण पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और आम जनता को प्रदूषण से निजात नहीं मिली, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पर्यावरण विभाग के विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव,पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी,पूर्व विधायक प्रकाश नायक,वरिष्ठ कांग्रेसी संतोष राय, प्रदेश प्रवक्ता हरेराम तिवारी,अरुण गुप्ता, जिला प्रवक्ता विनोद कपूर ,वासुदेव यादव, आशीष चौबे,संदीप अग्रवाल,विकास ठेठवार,वसीम खान,सत्यप्रकाश शर्मा वासुदेव प्रधान,लोकेश साहू, आशीष जायसवाल,रितेश तिवारी बरखा सिंह जानकी काटजू,लता खूंटे रिंकी पाण्डेय संजुक्ता सिंह यशोदा कश्यप बीनू बेगम पदमा चौहान रंजना पटेल संगीता गुप्ता सहित
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के पक्ष में नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking