RAIGARH

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में भव्य फोटो प्रदर्शनी, 21 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी

केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों से रूबरू होंगे नागरिक

रायगढ़, 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ के सिंदूर पार्क में 17 से 21 जून तक भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को चित्रों, ग्राफिक्स, तथ्यों एवं सफलता की कहानियों के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रदर्शनी का शुभारंभ 17 जून को राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुण धर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विवेक रंजन सिन्हा, श्री विकास केडिया, श्री मुकेश जैन, श्री जतिन साव, श्री अंशु टुटेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में होगा। वहीं प्रदर्शनी का समापन 21 जून को किया जाएगा। प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में है।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को यह जानने का अवसर मिलेगा कि बीते वर्षों में संचालित योजनाओं ने समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में किस प्रकार परिवर्तन लाने का कार्य किया है। प्रदर्शनी में वित्तीय समावेशन, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े कार्यों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं से जुड़ते करोड़ों नागरिकों, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध कराए गए आवासों, स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में आए व्यापक बदलावों, आयुष्मान भारत योजना से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के प्रयासों को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है। डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत डिजिटल भुगतान प्रणाली, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार, ई-गवर्नेंस और सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण से आए बदलावों को भी रोचक एवं तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में यह भी दर्शाया जाएगा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासन और नागरिकों के बीच संवाद एवं सेवा वितरण व्यवस्था किस प्रकार अधिक सरल और सुलभ हुई है।
देश में सड़क, रेल, हवाई अड्डों, बंदरगाहों तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों को भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। चित्रों और तथ्यों के माध्यम से यह बताया जाएगा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ आम नागरिकों के जीवन को किस प्रकार सुगम बनाया है। प्रदर्शनी का एक विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की झलक होगी। राज्य में सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, जल संरक्षण, डिजिटल सेवाओं तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की है।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking