RAIGARH

नकली शराब सिंडिकेट पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा

🚨 ग्राम धनागर में 240 लीटर नकली शराब फैक्ट्री के खुलासे के बाद फरार मुख्य आरोपी विनय ठाकुर के घर पुलिस की बड़ी दबिश

🚨 मकान में चस्पा किया गया नोटिस, 3 दिनों के भीतर थाना में उपस्थित होने के निर्देश

🚨 एसएसपी शशि मोहन ने फरार आरोपी की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा तैयार करने दिए निर्देश

🚨 “अवैध और नकली शराब कारोबारियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई और अधिक सख्त होगी” — एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह

17 जून, रायगढ़ । जिले में पकड़ी गई नकली शराब के अवैध कारोबार के मामले में आज रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए बड़ी दबिश कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए उसके निवास विकास नगर गली नंबर-3 में पहुंचकर विधिसम्मत नोटिस चस्पा किया। साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर आगे वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि दिनांक 08 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, शराब के ढक्कन, फर्जी लेबल, होलोग्राम तथा शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई थी। मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था, जिसने पूछताछ में अपने भाई सुभाष पटेल तथा विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार संचालित करना स्वीकार किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 जून को फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह फार्म हाउस में बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण करता था तथा उसमें स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था। शराब का रंग फीका पड़ने पर उसमें चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद फर्जी होलोग्राम और नकली लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बिक्री कराई जाती थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी बरामद की थीं। प्रकरण के *मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह निवासी विकास नगर गली नंबर 3 कोतरारोड, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़* की गिरफ्तारी के लिए कोतरारोड़ पुलिस लगातार प्रयासरत है। आज पुलिस टीम जब उसके निवास विकास नगर पहुंची तो मकान के एक दरवाजें पर ताला लगा मिला। पुलिस द्वारा काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आसपास के लोगों ने भी बताया कि विनय सिंह और उसके परिजन पिछले कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान प्रवेश के दो स्थानों पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी कोतरारोड़ शील आदित्य को फरार आरोपी की संपत्तियों का विस्तृत विवरण तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी शीघ्र ही कानून के शिकंजे में होगा। मामले में लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश जारी है। आज की दबिश कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश *"नकली शराब का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर अपराध है। इस कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी विनय ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस सभी वैधानिक उपाय अपना रही है और आवश्यक होने पर उनकी संपत्तियों के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"*

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking