RAIGARH

राजस्व वसूली नगर निगम की जीवनरेखा, लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभी से करें सुनियोजित कार्य- आयुक्त


राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश


रायगढ़। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को यह समझना होगा कि राजस्व संग्रहण केवल विभागीय कार्य नहीं, बल्कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का आधार है। यदि राजस्व संग्रहण बेहतर होगा तो नगर निगम अधिक प्रभावी ढंग से विकास कार्यों का संचालन कर सकेगा। राजस्व वसूली नगर निगम की जीवनरेखा है। इसलिए राजस्व शाखा के सभी अधिकारी और कर्मचारी को तय लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभी से करें सुनियोजित कार्य करना होगा।
उक्त बातें आज नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कही। इस दौरान उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व वसूली की प्रगति का आकलन किया। बैठक में सहायक राजस्व निरीक्षकों, कर संग्रहकों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से वार्डवार संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर एवं यूजर चार्ज की वसूली की स्थिति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष में प्राप्त उपलब्धियों को आधार बनाते हुए वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी शत-प्रतिशत राजस्व लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभी से सुनियोजित एवं व्यवस्थित रूप से कार्य प्रारंभ करना होगा। उन्होंने सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों को प्रतिदिन, साप्ताहिक, मासिक एवं त्रैमासिक प्रगति का प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे वसूली कार्यों की नियमित निगरानी एवं मूल्यांकन किया जा सके।
इस अवसर पर आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम का सबसे महत्वपूर्ण और अभिन्न विभाग है। नगर निगम की वित्तीय सुदृढ़ता का आधार राजस्व संग्रहण ही है। राजस्व से प्राप्त राशि के माध्यम से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया जाता है तथा शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों का संचालन किया जाता है। बैठक में राजस्व वसूली की रणनीति, बकाया कर संग्रहण, वार्डवार प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बड़े बकायादारों को करें टारगेट
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने प्रभार क्षेत्र के बड़े बकायादारों की पृथक सूची तैयार करने तथा उनसे सतत संपर्क स्थापित कर लंबित कर राशि जमा कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने करदाताओं को कर भुगतान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी करने, कुर्की वारंट की कार्यवाही करने तथा आवश्यकतानुसार सीलिंग की कार्यवाही में तेजी लाने की बात कही, ताकि राजस्व संग्रहण में अपेक्षित वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
कम वसूली पर नाराजगी, अच्छे कार्यों की सराहना
बैठक में आयुक्त श्री क्षत्रिय ने उन सहायक राजस्व निरीक्षकों के प्रति नाराजगी व्यक्त की, जिनकी वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्रगति अपेक्षाकृत कम रही है। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को अपने कार्यों में सुधार लाते हुए वसूली अभियान को गति देने के निर्देश दिए, वहीं जिन सहायक राजस्व निरीक्षकों ने निर्धारित अवधि में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपेक्षाकृत अधिक राजस्व संग्रह किया है, उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking