RAIGARH

जनदर्शन में अपर कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं,अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़, 3 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक अपनी विभिन्न मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। अपर कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम बेलरिया के ग्रामीणों ने कुर नदी में सोलर पंप के लिए निर्मित स्टॉपडेम (एनीकट) के निर्माण कार्य में अनियमितता और गुणवत्ता की कमी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार और सिंचाई विभाग की मिलीभगत से निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है तथा निर्मित संरचना गुणवत्ताविहीन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं तहसील खरसिया के ग्राम पुछियापाली निवासी ज्योतराम राठिया ने शिकायत करते हुए बताया कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा बस स्टैंड के पास स्थित निजी तालाबों में फ्लाई ऐश डस्ट डाला गया था, जो बारिश के कारण बहकर उनके खेत तक पहुंच गया। इससे खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि विरोध करने पर संबंधित व्यक्ति विवाद और झगड़े पर उतारू हो जाता है। इस पर अपर कलेक्टर ने पर्यावरण अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत घरघोड़ी के सरपंच ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलडीपा के जर्जर भवन को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भवन की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में पूर्व में शिक्षा विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। जनदर्शन में आदिवासी विकास विभाग में पिछले 10 से 15 वर्षों से कलेक्टर दर पर कार्यरत मजदूरी कर्मचारियों ने श्रम सम्मान राशि प्रदान किए जाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर अपर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित अन्य महिला समूहों ने ग्राम पंचायत जोबी के रानीसागर तालाब में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि मछली पालन विभाग द्वारा उन्हें शासन की योजना के तहत 10 वर्षों के लिए तालाब का पट्टा प्रदान किया गया है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व जबरन तालाब में मछली पालन कर रहे हैं और विरोध करने पर विवाद करते हैं। इस शिकायत पर अपर कलेक्टर ने एसडीएम रायगढ़ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील धरमजयगढ़ के ग्राम हिम्मतपुर निवासी गुरमेत यादव ने वन भूमि पट्टा प्रदान किए जाने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा जनदर्शन में राशन कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking