घर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, सोने -चांदी के जेवर और नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

अड़भार। अड़भार थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर एवं नकदी चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सियाराम यादव ने पुलिस को बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य अपने-अपने कार्य से बाहर गए हुए थे। दोपहर में घर लौटने पर पीछे का दरवाजा एवं कमरों की अलमारियों के ताले टूटे मिले। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिली।
शिकायत के अनुसार, चोर घर से करीब 10 तोला सोने के जेवर, लगभग 1 किलो 800 ग्राम चांदी के जेवर तथा 1 लाख 30 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 6 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
