RAIGARH

रिमझिम बारिश में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से सराबोर हुआ रायगढ़

करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी हुए शामिल

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह से लिया हिस्सा

रायगढ़, 13 अगस्त 2026/ वंदे मातरम् की भावना को समर्पित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज जिला मुख्यालय रायगढ़ में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी यात्रा में शामिल हुए। शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी जयघोष से शहर की सड़कें गूंज उठीं।
तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक एवं अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल लोगों के लिए जूस वितरण भी किया गया।

देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

तिरंगा यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सहित समाज के सभी वर्गों की सहभागिता दिखाई दी। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लिए स्कूली विद्यार्थियों में विशेष उत्साह रहा। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक और संदेशपरक बनाया। बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा में प्रतिभागी उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ सहित देशभक्ति गीतों पर नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का जीवंत दृश्य प्रस्तुत करता रहा।

वीर शहीदों और राष्ट्रनायकों को किया नमन

सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हर घर तिरंगा सेल्फी बूथ में फोटो खिंचाई।

भारत तेजी से आगे बढ़ रहा, युवाओं की जिम्मेदारी भी बढ़ी: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की वैश्विक भूमिका पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में देश के सामने नई चुनौतियां भी हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा तेजी से स्वयं को मजबूत बनाएं और राष्ट्र की मजबूती के लिए आगे आकर कार्य करें। हम सभी मिलकर भारत को मजबूत और सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाकर ऐसा भारत बनाना है, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर न कर सके। वित्त मंत्री ने कहा कि तिरंगा हमें उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मंचीय कार्यक्रम के दौरान स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और देश की विविधता में एकता का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा। वित्त मंत्री ने कथक सहित अन्य प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

‘हर घर तिरंगा’ से जुड़ रहा पूरा जिला

गौरतलब है कि देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम’ थीम पर आधारित है। अभियान के दौरान नागरिकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। जिले में नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तिरंगा वितरण, जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरूणधर दीवान, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री मुकेश जैन, श्री विकास केडिया, श्री अरूण कातोरे, श्री बृजेश गुप्ता, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ श्री अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिल्पा भगत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों उपस्थित थे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking