RAIGARH

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का हुआ उत्साहपूर्वक आयोजन

राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

रायगढ़, 14 अगस्त 2026/ जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। बोईरदादर स्टेडियम से सुबह 8 बजे सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. एवं एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने हरी झंडी दिखाकर स्वतंत्रता दौड़ को रवाना किया। देशभक्ति के नारों के बीच बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ में सहभागिता की।
स्वतंत्रता दौड़ में शामिल प्रतिभागी बोईरदादर स्टेडियम से चक्रधर चौक एवं सिग्नल चौक होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिखाई दिया। पुलिस एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स तथा माय भारत के प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

स्वस्थ नागरिक ही मजबूत भारत के निर्माण में दे सकता है योगदान

सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के साथ स्वास्थ्य एवं फिटनेस का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और प्रगतिशील भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने नशामुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जबकि दौड़ और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवन के लिए लाभदायक हैं। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

स्वतंत्रता दौड़ देशभक्ति, अनुशासन और युवा शक्ति का प्रतीक

एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, स्वास्थ्य और युवा शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित होकर सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय पटेल, शिक्षक श्री विकास रंजन सिन्हा, श्री आलोक स्वर्णकार, श्री पवन अग्रवाल, रोजगार अधिकारी श्री रामजीत राम, सृष्टि अकैडमी के प्रशिक्षक श्री विजय कुमार सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्टेडियम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking