RAIGARH

झगड़ा छुड़ाने बीच बचाव कर रहे पार्षद पर नशे में धुत युवक ने की मारपीट, आरोपी फरार

🚨 जूटमिल पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास का अपराध किया दर्ज— आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

रायगढ़, 12 सितंबर । वार्ड में लोगों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे जनप्रतिनिधि पर नशे में धुत युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पार्षद को जान से मारने की धमकी दी और लोहे की धारदार वस्तु से उनके सिर पर वार कर दिया। मामले में थाना जूटमिल पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार 12 सितंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे वार्ड क्रमांक 36 राजीव गांधी नगर के पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होते देख वे जनप्रतिनिधि होने के नाते विवाद शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। बताया गया कि वहां कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद विजय चौहान ने उसे लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया तो आरोपी भड़क गया। आरोपी ने “तुम बीच में क्यों आ रहे हो, वार्ड के पार्षद बनते हो” कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद कमल सारथी ने हत्या करने की नीयत से अपने हाथ में रखी लोहे की धारदार वस्तु से विजय चौहान के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के बाद पार्षद के पिता ने थाना जूटमिल पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने आरोपी कमल सारथी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 109(1), 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने देर रात कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार है। पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी है।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश *“विवाद को शांत कराने पहुंचे जनप्रतिनिधि से मारपीट गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”*

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking