RAIGARH

गणेशोत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

आयोजन समितियों को वॉलिंटियर्स की जानकारी संबंधित थाने में जमा करने के निर्देश, रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक ध्वनि यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध

रायगढ़, 13 सितम्बर 2026/ गणेशोत्सव के दौरान जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश ने गणेशोत्सव के आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए आयोजन समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा गणेशोत्सव आयोजन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन समितियों को अपने वॉलिंटियर्स की जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पंडाल स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए जिन वॉलिंटियर्स की ड्यूटी लगाई जाएगी, उनकी आवश्यक जानकारी भी संबंधित थाने में जमा कराने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया जा सके।
एडीएम ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी प्रकार के ध्वनि यंत्र का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। आयोजन समितियों को कोलाहल अधिनियम एवं निर्धारित ध्वनि मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान अनुशासन एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना आयोजन समितियों की जिम्मेदारी है। बैठक में पंडाल स्थलों पर नशीले पदार्थों एवं नशीले पेय पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी पंडाल स्थल पर नशीले पदार्थ का सेवन या नशे की स्थिति में व्यक्ति पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंडालों में विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा गया कि विद्युत तार खुले या कटे हुए न हों तथा विद्युत कनेक्शन सुरक्षित तरीके से किया जाए। पंडाल एवं आसपास विद्युत संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और किसी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आयोजन समितियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। किसी भी पंडाल में शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या शांति व्यवस्था से संबंधित समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9479193299 पर सूचना देने की अपील की गई। प्रशासन ने गणेशोत्सव के दौरान सभी आयोजन समितियों एवं नागरिकों से आपसी सहयोग, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking