RAIGARH

रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए रायगढ़ वासियों को मिलेगी नई सड़क की सौगात

अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए स्टेशन तक पहुंचेगा मार्ग

सुभाष चौक और गांधी पुतला क्षेत्र में घटेगा ट्रैफिक दबाव, यातायात व्यवस्था को मिलेगी राहत

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने किया स्थल निरीक्षण

रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026/ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी की पहल से शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और रेलवे स्टेशन तक आवागमन आसान करने के लिए नए सड़क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्ग अग्रसेन चौक से आरपीएफ पोस्ट होते हुए सीधे रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगा। इससे स्टेशन जाने वाले लोगों को वर्तमान मार्ग की तुलना में अधिक सीधा और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा।
नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि वर्तमान में चक्रधर नगर चौक एवं शहर के अन्य क्षेत्रों से रेलवे स्टेशन जाने वाला यातायात अग्रसेन चौक के बाद रामनिवास टॉकीज, सुभाष चौक और स्टेशन चौक की ओर जाता है। व्यस्त समय में इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने से लोगों को परेशानी होती है। नई सड़क बनने के बाद स्टेशन जाने वाले यातायात का बड़ा हिस्सा इस मार्ग से डायवर्ट किया जा सकेगा। इससे सुभाष चौक, रामनिवास टॉकीज और गांधी पुतला क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। नए मार्ग से रेलवे स्टेशन पहुंचने की दूरी लगभग 500 मीटर तक कम होगी और व्यस्त समय में करीब 10 मिनट तक समय की बचत हो सकेगी। इससे ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking