RAIGARH

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, लंबित योजनाएं समय-सीमा में करें पूर्ण : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी

रायगढ़ को हर घर जल जिला बनाने की कार्ययोजना पर जोर, जियोटैगिंग की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के अध्यक्ष श्री मयंक चतुर्वेदी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले को हर घर जल जिला बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में समूह नल-जल योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों की स्थिति, जियोटैगिंग से जुड़ी समस्याओं तथा आगामी गतिविधियों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करते हुए कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रतिभा नवरतन, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं मिशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

रायगढ़ को हर घर जल जिला बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना

बैठक में रायगढ़ जिले को हर घर जल जिला बनाने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने समूह नल-जल योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। समीक्षा बैठक में सेवा संकल्प अभियान और जल अर्पण दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने इन गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला पंचायत के माध्यम से आवश्यक तैयारियां एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

जियोटैगिंग की बाधाएं दूर कर लंबित कार्यों का अंतिम सबमिशन करें

जल जीवन मिशन के अंतर्गत जियोटैगिंग के दौरान सामने आ रही समस्याओं से अधिकारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी एवं अन्य बाधाओं का शीघ्र निराकरण कर लंबित कार्यों का अंतिम सबमिशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक स्तर पर प्रगति की नियमित निगरानी की जाए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय, नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्यवाही आवश्यक है। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking