RAIGARH

कैंसर की समय पर पहचान के लिए जिला अस्पताल में लगा नि:शुल्क शिविर

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को दिया परामर्श, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ, आयुष्मान कार्ड से उपचार की सुविधा की दी जानकारी

रायगढ़, 23 अक्टूबर 2026/ कैंसर की समय पर पहचान, जांच और उचित उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय, रायगढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में आयोजित शिविर में रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में बताया गया कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। शरीर में गांठ या सूजन, लंबे समय तक ठीक न होने वाला घाव, मुंह में सफेद या लाल धब्बे, बिना कारण वजन कम होना, खून आना या लगातार खांसी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि जायसवाल, मेडिकल ऑन्कोलॉजी एवं हेमेटोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. नवीन जैन तथा सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. रुचिर धाकड़, डॉ.राहुल पाण्डेय, डॉ.सुरेन्द्र पटेल एवं डॉ.उमेश चंद्रा ने मरीजों को परामर्श दिया। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार जांच की और जरूरत के मुताबिक आगे की जांच, उपचार के विकल्पों तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी।
सिविल सर्जन डॉ.दिनेश कुमार पटेल ने बताया कि शुरुआती अवस्था में कैंसर की पहचान होने से उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलती है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राही नियमानुसार उपचार की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। कैंसर के उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर जांच कराएं और चिकित्सकीय परामर्श लें, ताकि बीमारी की पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सके। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking