RAIGARH

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित, मास्टर ट्रेनरों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

12 नवंबर से शुरू होगा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, 4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

रायगढ़, 29 अक्टूबर 2026/ आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) को सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूरा करने तथा मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की कार्यप्रणाली और दायित्वों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करना है, ताकि मतदाता सूची तैयार करने के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो सके। जिला एवं विधानसभा स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर आगे संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में कार्य किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा पुनरीक्षण कार्य को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking