RAIGARH

रामपुर में जनआरोग्य समिति सदस्यों का हुआ प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में सदस्यों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के संबंध में दी गई जानकारी।

करतला। करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर के पंचायत भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बेहरचुवां एवं नोनदरहा के जन आरोग्य समिति सदस्यों का एक दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जन आरोग्य समिति के सदस्यों को स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, निगरानी एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान समिति सदस्यों को उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों, समिति की संरचना, कार्यप्रणाली, नियमित बैठकों के आयोजन एवं प्रक्रिया तथा अनटाइड फंड (अप्रतिबंधित निधि) के पारदर्शी एवं उचित उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में समिति की सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
ब्लॉक समन्वयक मनहरण पटेल ने प्रशिक्षण मार्गदर्शिका के आधार पर समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) एवं केस स्टडी के माध्यम से विभिन्न विषयों को सरल और व्यवहारिक ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी किस प्रकार की जाए, समुदाय की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कैसे की जाए तथा जनसंवाद एवं आरोग्य सभा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता कैसे सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समिति सदस्यों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को समझते हुए सामूहिक प्रयास से समस्याओं के निराकरण के लिए प्रेरित किया।
एमटी महाबीर प्रसाद ने बताया कि जन आरोग्य समिति स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। समिति के सक्रिय एवं जिम्मेदार प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा आम नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सकता है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जन आरोग्य समिति के सदस्यों को अधिक सशक्त, जागरूक एवं उत्तरदायी बनाते हुए समुदाय आधारित, न्यायसंगत एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमन यादव एवम चन्द्रिका साहू, मुनिया राठिया, प्रतिमा राठिया, जनप्रतिनिधि, मितानिन तथा जन आरोग्य समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking