वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में एनटीपीसी लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ

61 टीमों के 36 पुरुष एवं 25 महिला दल ले रहे हिस्सा; NTPC लारा की खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में CSR पहलों की वित्त मंत्री ने की सराहना
लगभग ₹6 करोड़ की CSR सहायता से महलोई में विकसित हो रहा मॉडल स्कूल; ग्रामीण प्रतिभाओं को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में मिल रहे नए अवसर
लारा (रायगढ़): NTPC लारा स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग)-2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 36 पुरुष एवं 25 महिला टीमों सहित कुल 61 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने NTPC लारा द्वारा खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में CSR के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की ये पहल सराहनीय हैं। ऐसे प्रयासों से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं।
इस अवसर पर NTPC लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि NTPC विद्युत उत्पादन के साथ-साथ CSR के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना इस दिशा में प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि NTPC लारा द्वारा लगभग ₹6 करोड़ की CSR सहायता से महलोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की कोचिंग तथा विद्यालयों में स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए आसपास के गांवों में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तथा अंडर-15 एवं अंडर-17 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में महलोई की तीन बेटियों ने लैक्रोस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
श्री ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करने की है। NTPC लारा इसी उद्देश्य के साथ स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
