RAIGARH

रेडक्रॉस की सेवाओं अधिक प्रभावी, त्वरित एवं जनसुलभ के लिए बनेगी कार्ययोजना

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला शाखा रायगढ़ की वार्षिक साधारण सभा आयोजित

मानवीय सेवाओं को और सशक्त बनाने के निर्देश, तहसील स्तर तक रेडक्रॉस सेवाओं के विस्तार पर विशेष फोकस

दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र के जीर्णोद्धार एवं रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर शीघ्र शुरू करने पर जोर

रायगढ़, 8 मई 2026/ विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रायगढ़ की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रायगढ़ के अध्यक्ष श्री मयंक चतुर्वेदी ने की। इस दौरान कलेक्टर ने रेडक्रॉस की सेवाओं को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं जनसुलभ बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र के जीर्णोद्धार हेतु प्राक्कलन के आधार पर मांग पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने केजीएच रायगढ़ स्थित रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर को पुनः प्रारंभ करने तथा तहसील स्तर पर भी रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही रेडक्रॉस से संबंधित परिसरों एवं संसाधनों को चिन्हांकित कर सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी जिले में बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने तथा आपदा, दुर्घटना एवं जरूरत के समय रेड क्रॉस को तत्परता से आगे बढ़कर सेवा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी ड्यूनांट के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उपाध्यक्ष श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। चेयरमेन श्री मुकेश शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए रेडक्रॉस की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। राज्य प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल ने सर हेनरी ड्यूनांट के मानवतावादी योगदान एवं रेडक्रॉस आंदोलन के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि भारत में रेडक्रॉस की स्थापना वर्ष 1920 में हुई थी तथा वर्तमान में देशभर में इसकी लगभग 1100 शाखाएं संचालित हैं।
बैठक में सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने गत वर्ष संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, राहत कार्यों एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। वहीं कोषाध्यक्ष श्री रामनिवास मोड़ा ने वर्षभर के आय-व्यय का प्रतिवेदन सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रभारी अधिकारी डॉ. एच.एस. उरांव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अविनाश गुप्ता एवं डॉ. गुलशन सिदार द्वारा उपस्थित सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार तथा सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया गया। अंत में वाइस चेयरमेन सीए श्री संतोष टिबरेवाल ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. दिनेश पटेल, डॉ. भानूप्रताप पटेल, डॉ. केनन डेनियल, श्री बी.के.सिंह, श्री अनिल अग्रवाल, प्रो. अम्बिका वर्मा, श्री दिनेश अग्रवाल सहित रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking