RAIGARH

पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संवर्धन विषय पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

स्वस्थ एवं सशक्त पंचायतों के निर्माण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर दिया गया जोर।

करतला। पंचायतों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधिक जवाबदेह, सक्रिय एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बेहरचुवां, नोनदरहा, मदवानी, चोरभट्ठी,बीरतराई ,पचपेड़ी,सोहागपुर के पंचायत प्रतिनिधियों (सरपंचों एवं पंचों) के लिए स्वास्थ्य संवर्धन विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षण मॉड्यूल ‘स्वास्थ्य संवर्धन में पंचायतों की भूमिका’ के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पहलुओं, उनकी भूमिका, अधिकारों एवं जिम्मेदारियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कोरबा जिला समन्वयक मितानिन कार्यक्रम वंदना गुप्ता ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराना तथा उन्हें प्रभावी स्वास्थ्य कार्ययोजना तैयार करने एवं उसका सफल क्रियान्वयन करने के लिए सक्षम बनाना इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि यदि स्वास्थ्य विषयों की बुनियादी समझ विकसित कर ग्रामसभा के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें तो गांव के विकास को नई दिशा मिल सकती है। इससे स्वस्थ पंचायतों की संकल्पना को धरातल पर साकार किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ग्रामसभा को सक्रिय एवं सशक्त बनाना ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। ग्राम पंचायत विकास योजना में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता प्रदान करना आवश्यक है। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के बीच आपसी समन्वय एवं अभिसरण स्थापित कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना चाहिए। इससे न केवल विकास कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि योजनाओं के परिणाम भी अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ होंगे।
प्रशिक्षकों ने बताया कि पंचायतों की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों को स्वीकृति देने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा, सामाजिक अंकेक्षण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य परिदृश्य एवं प्रमुख चुनौतियां, स्वास्थ्य सुधार में ग्राम पंचायतों की भूमिका, ग्राम पंचायत स्तर पर अभिसरण एवं समन्वय, जनजागरूकता एवं सहयोगी प्रणालियों का विकास, स्वास्थ्य कार्ययोजना एवं ग्राम पंचायत विकास योजना, छत्तीसगढ़ पंचायती राज व्यवस्था, छत्तीसगढ़ पेसा अधिनियम (1996) का क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर पर संचालित प्रमुख शासकीय योजनाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण को रोचक एवं व्यवहारिक बनाने के लिए केस स्टडी, प्रेरक कहानियों एवं समूह चर्चा का सहारा लिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को वास्तविक परिस्थितियों में आने वाली समस्याओं, उनके समाधान तथा सामूहिक प्रयासों से बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने के तरीकों को समझाया गया। प्रतिभागियों ने भी चर्चा में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव एवं विचार साझा किए।
प्रशिक्षण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ गांव का निर्माण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण समुदाय को मिलकर प्रयास करना होगा। जनप्रतिनिधियों की सक्रिय पहल, ग्रामसभा की सहभागिता और विभागीय समन्वय से ही स्वस्थ, स्वच्छ एवं जागरूक पंचायतों का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर बीसी मनहरण पटेल, द्वारिका ध्रुव, स्वस्थ पंचायत समन्वयक गेंदबाई साहू, एमटी महाबीर, मदन श्रीवास, रामकुमार साहू, तुलसी रात्रे, प्रतिमा राठिया, आशा महंत, श्यामबाई राठौर सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच व पंचगण उपस्थित रहे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking