RAIGARH

ग्राम बरौद नया बस्ती में पारंपरिक रीति-रिवाज से रात्रिकालीन जागरण, पूजा-पाठ एवं हवन यज्ञ संपन्न

रायगढ़/बरौद। ग्राम बरौद के नया बस्ती में निवासरत परिवारों द्वारा गांव की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली तथा समस्त दोष, विघ्न-बाधाओं को दूर करने और मूलभूत सुविधाओं की प्राप्ति की मंगलकामना के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज से रात्रिकालीन जागरण, पूजा-पाठ एवं हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के आराध्य देवता ठाकुर देव, डिही-डीहरीन माता, माता रानी सहित समस्त देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी, माताएं-बहनें, युवा साथी एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से नया बस्ती की सुख-शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता एवं सकारात्मक वातावरण को मजबूत करना तथा नया बस्ती में निवासरत परिवारों को बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मंगलकामना करना रहा, ताकि विस्थापित परिवार पुनः विकास की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें।
समाजिक कार्यकर्ता भरत लाल झरिया ने बताया कि यह कार्यक्रम पारंपरिक आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक एकजुटता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में पुरानी बस्ती में स्थापित समस्त देवी-देवताओं का पारंपरिक रीति-रिवाज से नया बस्ती बरौद में स्थानांतरण किया जाएगा तथा भव्य आनंद मेला का आयोजन भी प्रस्तावित है। साथ ही नया बस्ती के विकास एवं बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शासन-प्रशासन से निरंतर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से निवेदन एवं प्रयास जारी रहेंगे।

Sanjay Sahni

Editor in chief - Raegarhnews.in Mo.-9329266509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking